सैन्यधाम में व्यवस्थाओं को लेकर मंत्री गणेश जोशी का निरीक्षण, शौर्य स्तम्भ से शहीदों की नाम पट्टिकाओं तक दिए सुधार के निर्देश
देहरादून | 25 सितंबर, 2026
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित सैन्यधाम का निरीक्षण कर वहां चल रहे निर्माण, रख-रखाव और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सैन्यधाम की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करते हुए साफ-सफाई, गुणवत्ता और फिनिशिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
शौर्य स्तम्भ और शहीदों की नाम पट्टिकाओं पर विशेष फोकस
मंत्री गणेश जोशी ने शौर्य स्तम्भ का निरीक्षण करते हुए उसकी साफ-सफाई कराने के साथ ही चारों ओर बने वृत्ताकार बेस की उचित फिनिशिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सैन्यधाम स्थित संग्रहालय की रेलिंग के खम्भों के बेस में लगे पत्थरों की फिनिशिंग तथा आवश्यक मरम्मत और रख-रखाव का कार्य भी कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान शहीदों की नाम पट्टिकाओं की स्थिति का भी जायजा लिया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी नाम पट्टिकाओं को एक समान एवं एक लाइन में व्यवस्थित किया जाए। साथ ही उनकी रिफिनिशिंग और नियमित रख-रखाव का कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
सभागार को नया स्वरूप देने के निर्देश
गणेश जोशी ने सैन्यधाम के सभागार की वॉल पैनलिंग का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पैनलिंग की वर्तमान स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार उसे बदला जाए या उसके रंग में बदलाव कर सभागार को नया और बेहतर स्वरूप दिया जाए।
“गुणवत्ता और गरिमापूर्ण वातावरण पर दें विशेष ध्यान”
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सैन्यधाम से जुड़े सभी कार्यों में निर्माण गुणवत्ता, साफ-सफाई और फिनिशिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सैन्यधाम उत्तराखंड के वीर सैनिकों और शहीदों के सम्मान का महत्वपूर्ण स्थल है। ऐसे में यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण वातावरण मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान सैनिक कल्याण विभाग के सचिव युगल किशोर पंत, निदेशक ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा (सेनि.), उपनल के एमडी ब्रिगेडियर जेएनएस बिष्ट (सेनि.) सहित सैनिक कल्याण विभाग, उपनल और पेयजल निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
📲 हर जरूरी अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमसे सोशल मीडिया पर जुड़ें।
WhatsApp Channel – ताज़ा खबरों के लिए [CLICK HERE]
Instagram – न्यूज और वीडियो अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]
Facebook – खबरों और खास अपडेट्स के लिए [CLICK HERE]







