सेवा पखवाड़ा के तहत लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, कृषि मिनी किट और पशुपालन योजनाओं का मिला लाभ
Chamoli | July 04, 2026
जनपद मुख्यालय गोपेश्वर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में शनिवार को ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण: जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसे बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने देखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम से पहले अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।
30 से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल
सेवा पखवाड़ा के दौरान कृषि, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, सहकारिता और सेवायोजन समेत 30 से अधिक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक भूपाल राम टम्टा ने की। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लोगों से उनका लाभ उठाने की अपील की।
लाभार्थियों को वितरित की गईं योजनाओं की सामग्री
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत छह महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
वहीं पशुपालन विभाग ने दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चयनित लाभार्थियों को दुग्धारू पशुओं के लिए पोषक आहार (फीड सप्लीमेंट) उपलब्ध कराया।
कृषि विभाग ने दस चयनित किसानों को कृषि मिनी किट वितरित की, जिसमें पावर वीडर और ब्रश कटर जैसे कृषि उपकरण शामिल थे।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सेवा पखवाड़ा का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जनपद के विकासखंडों और न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय सेवा शिविर, विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री हरक सिंह, रामचंद्र गौड़, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, जड़ी-बूटी सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष बलबीर घुनियाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
