सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट से हड़कंप, पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट
Dehradun | June 23, 2026
उत्तराखंड से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए प्रदेश के सभी पुलिस थानों को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने देहरादून नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट प्रसारित हुई, जिसमें उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को 25 जून को बम धमाकों से उड़ाने की धमकी दी गई थी। पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
मामले में उपनिरीक्षक रवि प्रसाद कवि की ओर से नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में कहा गया है कि अज्ञात व्यक्ति ने कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का उपयोग करते हुए धमकी भरी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की।
प्रारंभिक जांच में पोस्ट का संबंध हरियाणा के अंबाला निवासी जसप्रीत सिंह पुत्र जोगिंदर सिंह से जुड़ा पाया गया है। जांच के दौरान इंस्टाग्राम आईडी “jaspreet.devil” का भी नाम सामने आया है, जो कथित रूप से प्राइवेट अकाउंट बताया जा रहा है। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक धमकी भरी पोस्ट को बाद में एक्स (X) और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया। पोस्ट में लिखा गया था कि उत्तराखंड के सभी थानों में 25 जून 2026 को धमाके होंगे।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(3), 353, 61(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66F के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस साइबर माध्यमों से पोस्ट की सत्यता, स्रोत और संभावित साजिश की जांच कर रही है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

