छात्र संघ चुनावों में मिलेगा छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्वः डाॅ. धन सिंह रावत

  • विभागीय मंत्री ने ऑनलाइन वर्चुअल बैठक में अधिकारियों को दिये निर्देश
  • कहा, महाविद्यालयों व विश्वविद्यालय परिसरों में 65 फीसदी से अधिक हैं छात्राएं

देहरादून: सूबे के राजकीय महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालय परिसरों में होने वाले छात्र संघ चुनावों में अब छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलेगा। इसके लिये राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र संघ एवं छात्र परिषदों में प्रतिनिधित्व के ढांचे में संशोधन करने को कहा गया है। वर्तमान में राज्य विश्वविद्यालयों एवं सम्बद्ध महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राओं की संख्या है, ऐसे में छात्र संघ व छात्र परिसदों में छात्राओं को प्रतिनिधित्व दिया जाना आवश्यक है जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम पहल है।
सूबे के उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर वर्चुअल माध्यम से उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने राज्य विश्वविद्यालय परिसरों व महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनावों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व दिये जाने के निर्णय के क्रियान्वयन में हो रही लेटलतीफी पर विभागीय अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने अधिकारियों को छात्र परिषद व छात्र संघों में छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिये तीन दिन के भीतर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सभी राज्य विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को छात्र परिषद व छात्र संघों में प्रतिनिधित्व के मौजूदा ढांचे में संशोधन कर छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व के साथ छात्र संघ चुनावों की तिथियां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र घोषित करने को कहा।
डाॅ. रावत ने कहा कि वर्तमान में राज्य विश्वविद्यालय परिसरों व महाविद्यालयों में 65 फीसदी से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। ऐसे में छात्र संघ व छात्र परिषदों में भी उनकी पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को 50 फीसदी प्रतिनिधित्व मिलने से उनकी समस्याओं और सुझावों को छात्र संघ व छात्र परिषद के मंच पर प्रभावी ढंग रखने का अवसर मिलेगा। छात्र मंचों पर छात्राओं की मजबूत भागीदारी से न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा बल्कि महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में महिला नेतृत्व को भी बढ़ावा मिलेगा।
वर्चुअल बैठक में कुलपति दून विश्वविद्यालय प्रो. सुरेखा डंगवाल, कुलपति सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय प्रो. एस.एस. बिष्ट, कुलपति मुक्त विश्वविद्यालया एवं प्रभारी कुलपति कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी, कुलपति संस्कृत विश्वविद्यालय प्रो. रमाकांत पाण्डेय, कुलपति श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय प्रो. अम्बरीश महाजन, अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा प्रो. ए.एस उनियाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ेंगे शिक्षण संस्थान
उच्च शिक्षा विभाग की वर्चुअल बैठक में डा. रावत ने सभी राज्य विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान से युवाओं को जोड़ने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जायेगा, जिनमें प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री, विधायकगण प्रतिभाग करेंगे। डाॅ. रावत ने कहा कि 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम के तहत शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत के संकल्प पर भाषण, चित्रकला व निबन्ध प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेगी, इसके अलावा युवा संवाद कार्यक्रम में एनसीसी, एनएसएस, रोवर रेंजर्स, मेधावी छात्रों के द्वारा सेवा कार्यों की प्रेरक कहानियां साझा करेंगे। सेवा ही संकल्प, वृक्षारोपण, स्वच्छता सहित विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जायेंगी। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जायेगा। इसके लिये डाॅ. रावत ने विभागीय अधिकारियों को सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिये।

The India Vox

The India Vox Editorial Team उत्तराखंड, राष्ट्रीय, शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, स्वास्थ्य और जनहित से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष समाचार प्रकाशित करता है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों और आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर पाठकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Post

महाराज ने फिल्म "बीरा" का ट्रेलर, म्यूजिक, पोस्टर लांच किया

शनि सितम्बर 12 , 2026
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले बनी गढ़वाली फीचर फिल्म “बीरा” के ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लांच किया। उन्होंने कहा कि फिल्म केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज, संस्कृति, परंपराओं और हमारी जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का एक सशक्त […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Ravi Priyanshu is a journalist, novelist, and Founder & Editor-in-Chief of The India Vox. With 23+ years of experience, he is dedicated to credible journalism and meaningful storytelling.

Share