Cinnamon Valley परियोजना से किसानों, उद्यमियों और सगंध खेती क्षेत्र को मिलेगा नया विस्तार
Dehradun, 11 June 2026: कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को सेलाकुई स्थित परफ्यूमरी एवं सगंध अनुसंधान एवं विकास संस्थान में दालचीनी विषयक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार एवं कार्यशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यशाला की स्मारिका का भी विमोचन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य में सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए महक क्रांति नीति 2026 लागू की गई है। इसके तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को सगंध खेती से आच्छादित कर 91 हजार किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि चम्पावत और नैनीताल जिलों में लगभग 5200 हेक्टेयर क्षेत्र में Cinnamon Valley विकसित की जा रही है। यह परियोजना दालचीनी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों और उद्यमियों के लिए नए आर्थिक अवसर भी सृजित करेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड में एरोमा एवं औषधीय पौधों के क्षेत्र को नई दिशा मिली है। राज्य सरकार किसानों को सगंध खेती से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने और उत्तराखण्ड को एरोमा हब के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर औषधीय एवं सगंध पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जाए तथा अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ा जाए।
कृषि मंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में सगंध पौधा केंद्र ने राज्य में सगंध खेती को नई पहचान दी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह अंतरराष्ट्रीय सेमिनार दालचीनी की उन्नत खेती, अनुसंधान, प्रसंस्करण और विपणन को नई गति प्रदान करेगा।
“दालचीनी: प्रवर्धन, सतत खेती एवं कटाई उपरांत प्रौद्योगिकियों में नवाचार” विषय पर आयोजित इस सेमिनार में श्रीलंका, इंडोनेशिया सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, किसान और उद्योग जगत के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स को सम्मानित किया तथा औषधीय पौधों से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

