वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर नमामि भारतम सामूहिक वन्दे मातरम् गायन का भव्य आयोजन
देहरादून। श्री गोवर्धन सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल धर्मपुर में शुक्रवार को वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित नमामि भारतम सामूहिक वन्दे मातरम् गायन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार सहित छात्र-छात्राओं, पूर्व छात्रों, अभिभावकों, संस्कार केंद्र के विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजन में कार्यक्रम अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य रा. इ.का. रुड़की डॉ. जी. एल. भट्ट जी, मुख्य वक्ता विभाग प्रचारक, देहरादून विभाग धनंजय, मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त विंग कमांडर कुमुद सेठी, कार्यक्रम साक्षी अधिकारी एवं पूर्व अध्यक्ष, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग डॉ. डी.पी. जोशी, सत्यापन अधिकारी एवं पूर्व राज्य सूचना आयुक्त विवेक शर्मा, सत्यापन अधिकारी पूर्व छात्रा एवं वन क्षेत्राधिकारी उर्वशी गौतम तथा विद्यालय प्रबंधक अनिल नंदा की उपस्थिति रही।

मुख्य वक्ता धनंजय ने कहा कि ‘वन्दे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारतभूमि के प्रति श्रद्धा, मातृभूमि के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना का सशक्त प्रतीक है। वन्दे मातरम् ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान भारतीयों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया और आज इसकी 150वीं वर्षगांठ हमें अपने राष्ट्र, संस्कृति और मातृभूमि के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराती है। उन्होंने आह्वान किया कि राष्ट्रप्रेम को केवल भावनाओं तक सीमित न रखते हुए अपने आचरण और नागरिक कर्तव्यों के माध्यम से भी अभिव्यक्त करें।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि कुमुद सेठी तथा कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. जी.एल. भट्ट ने अपने उद्बोधन से जनसमुदाय का मार्गदर्शन किया।
प्रातः 11 बजे विद्यालय प्रांगण में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर, एक लय और एक भाव के साथ सामूहिक रूप से ‘वन्दे मातरम्’ का गायन किया। पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के भाव से गूंज उठा।
विद्या भारती द्वारा देशभर में आयोजित इस सामूहिक वन्दे मातरम् गायन में विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती शिशु मंदिर एवं विद्या मंदिरों ने निर्धारित समय पर एक साथ, एक स्वर और एक लय में बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना का अद्भुत संदेश दिया।
वन्दे मातरम् की 150वीं जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यालय परिवार एवं उपस्थित जनसमुदाय के लिए देशभक्ति, एकता और राष्ट्रनिष्ठा से ओत-प्रोत एक अविस्मरणीय अवसर बन गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सयंसेवक संघ क्षेत्र प्रचारक प्रमुख जगदीश, प्रांत खेल संयोजक रविंद्र रावत, प्रबंध समिति सदस्य नीरज मित्तल, घनश्याम अग्रवाल, क्षेत्रीय पार्षद विमल उनियाल, धर्मपुर मंदिर समिति अध्यक्ष सीताराम भट्ट तथा समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।







