‘हर दिल अजीज’ के लोकार्पण के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाली विभूतियों को भी किया गया सम्मानित
Dehradun, 13 June 2026 : विश्व पर्यावरण सप्ताह के समापन अवसर पर देहरादून स्थित दून लाइब्रेरी एंड रिसर्च सेंटर में हिमालय पर्यावरण सोसायटी द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पर्यावरणविद् जगदीश बाबला के पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में 50 वर्ष पूर्ण होने पर उनके जीवन और कार्यों पर आधारित अभिनंदन ग्रंथ ‘हर दिल अजीज – जगदीश बाबला’ के द्वितीय संस्करण का लोकार्पण किया गया।
Also Read : realme Buds Air8 Pro की पहली सेल 3 जून से, शुरुआती कीमत 6,699
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखण्ड सरकार में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के राज्यमंत्री कर्नल अजय कोठियाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार पद्माकांत शर्मा ‘प्रभात’ ने की। प्रो. बी.के. जोशी और कमला पंत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जगदीश बाबला ने पर्यावरण संरक्षण को व्यक्तिगत जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो समाज और पर्यावरण दोनों को सकारात्मक दिशा मिल सकती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत युवा कथक कलाकार आरुषि क्षेत्री की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद दिल्ली से आए कथक कलाकार आर्यव आनंद ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
हिमालय पर्यावरण सोसायटी के महासचिव रोहित कोचगवे ने संस्था की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी, जबकि वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. देवेंद्र पालीवाल ने विश्व पर्यावरण दिवस की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता बताई।
वक्ताओं ने कहा कि जगदीश बाबला का पांच दशक लंबा सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और पर्यावरणीय चेतना का उदाहरण है। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार कार्य किया है।
कार्यक्रम में हिमालय पर्यावरण सोसायटी की पांच दशकों की यात्रा पर भी चर्चा हुई। संस्था द्वारा देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में वर्षों से वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। संस्था के अनुसार, तिब्बती कॉलोनी, हिंदी भवन परिसर, प्रेस क्लब, सहस्रधारा और चकराता रोड सहित कई क्षेत्रों में लगाए गए पौधे आज बड़े वृक्षों का रूप ले चुके हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों को ‘उत्तराखण्ड श्रेष्ठ सम्मान-2026’ से भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों, शिक्षाविदों, पत्रकारों, समाजसेवियों और पर्यावरण प्रेमियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भारती मिश्रा ने किया, जबकि अंत में संस्था अध्यक्ष जगदीश बाबला ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
समारोह में 30 से अधिक विभूतियों का हुआ सम्मान
हिमालय पर्यावरण सोसायटी द्वारा आयोजित समारोह में साहित्य, शिक्षा, पर्यावरण, समाजसेवा, संस्कृति और कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 30 से अधिक विभूतियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ साहित्यकार पद्म कांत शर्मा ‘प्रभात’ को हिमालय गौरव मेधा रत्न सम्मान से अलंकृत किया गया। इसके अलावा डॉ. देवेंद्र पालीवाल, प्रो. बी.के. जोशी, डॉ. देवेंद्र भसीन, कमला पंत, डॉ. भारती मिश्रा, मधु बेरी, डॉ. ज्योति श्रीवास्तव, डॉ. धर्मानंद मैठाणी, उत्पल सामंत तथा कथक कलाकार आर्यव आनंद सहित कई प्रमुख हस्तियों को सम्मानित किया गया।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

