नई शिक्षा नीति के तहत प्रत्येक विद्यालय में शारीरिक शिक्षक नियुक्त करने की मांग, सरकार पर उपेक्षा का आरोप
Dehradun | June 20, 2026
उत्तराखंड के बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों का शिक्षा निदेशालय ननूरखेड़ा में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को 17वें दिन भी जारी रहा। मांगों पर कोई सकारात्मक कार्रवाई न होने से नाराज प्रशिक्षित बेरोजगारों ने 19 जून से क्रमिक अनशन भी शुरू कर दिया है।
शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों का कहना है कि 4 जून से वे शिक्षा निदेशालय में धरना दे रहे हैं, लेकिन अब तक सरकार, शासन और प्रशासन की ओर से उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना स्थल पर क्रमिक अनशन के दूसरे दिन कल्पना, रेखा गोस्वामी और महावीर अनशन पर बैठे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय से शारीरिक शिक्षा के प्रशिक्षित युवाओं की उपेक्षा की जा रही है।
प्रमुख मांगें
शारीरिक प्रशिक्षित बेरोजगारों ने राज्य सरकार के समक्ष निम्न मांगें रखी हैं—
- नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के तहत शारीरिक शिक्षा विषय को अनिवार्य बनाए जाने के अनुरूप प्रत्येक प्राथमिक विद्यालय से इंटरमीडिएट स्तर तक एक-एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति की जाए।
- उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शारीरिक शिक्षक नियुक्ति से संबंधित फाइल संख्या 77006 को वित्त विभाग से स्वीकृति दिलाकर कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाए।
- उत्तराखंड के बीपीएड और एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों को भर्ती में आयु सीमा में शिथिलता प्रदान की जाए।
- शारीरिक शिक्षा विषय के लिए व्यायाम प्रवक्ता के पद सृजित कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाए।
बड़ी संख्या में प्रशिक्षित रहे मौजूद
धरना एवं क्रमिक अनशन में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश चंद्र पांडे, प्रदेश प्रभारी अर्जुन लिंगवाल, महेश नेगी, किशन खत्री, प्रदीप बिष्ट, प्रदीप नेगी, जितेंद्र कुमार, आशीष चमोला, अनूप तिवारी, दलवीर राणा, अजीत पयाल, सुरेश राजपूत, भुवनेश बिष्ट, अनिल राज, ताजबर नेगी, मातबर सिंह, कल्पना, प्रतिभा, पल्लवी, ममता वर्मा, कुसुम रावत, विनीता पवार, भावना नेगी, अंजना, पल्लवी कुकरेती, रेखा गोस्वामी, गोविंद सिंह, विकास सैनी, मेहरबान अली, आशीष कुमार, ईशा नयाल, पूनम चौहान, नवीन जोशी और सविता भट्ट सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षित बेरोजगार मौजूद रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

