सिख प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान सरकार और प्रशासन की भूमिका की सराहना की
Dehradun | July 03, 2026
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) से शुक्रवार को लोक भवन में सिख प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने हाल के घटनाक्रमों के दौरान राज्य सरकार, मुख्यमंत्री और प्रशासन द्वारा परिस्थितियों को संवेदनशील एवं संतुलित ढंग से संभालने के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रशासन की त्वरित और संतुलित कार्यशैली ने सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के समन्वित प्रयास समाज की एकता और अखंडता बनाए रखने में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि सिख पंथ ने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘सरबत दा भला’ की भावना को सर्वोच्च स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा से रही है और राज्य सदैव सभी श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों का खुले मन से स्वागत करता रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश में चारधाम यात्रा और हेमकुंड साहिब यात्रा सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार लगातार आवश्यक कदम उठा रही है।
बैठक में गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, ऋषिकेश के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, सिंह सभा डोईवाला के अध्यक्ष गुरदीप सिंह, सिंह सभा देहरादून के अध्यक्ष गुरबक्स सिंह राजन, गुरुद्वारा रेसकोर्स के अध्यक्ष बलबीर सिंह साहनी तथा सिंह सभा नूनावाला के अध्यक्ष ओंकार सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
