उत्तरांचल पंजाबी महासभा की नई कार्यकारिणी घोषित, बलदेव पराशर बने देहरादून महानगर अध्यक्ष
देहरादून। उत्तरांचल पंजाबी महासभा के पुनर्गठन के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। संगठन की नई टीम में करण मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष और बलदेव पराशर को देहरादून महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया गया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा मंगलवार को यमुना कॉलोनी स्थित कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के आवास पर आयोजित कोर कमेटी की बैठक में की गई। बैठक में महासभा के पुनर्गठन और संगठन के आगामी कामकाज को लेकर चर्चा के बाद विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों के नाम तय किए गए।
करण मल्होत्रा प्रदेश अध्यक्ष, फुटेला महासचिव
नई कार्यकारिणी में हरिद्वार निवासी करण मल्होत्रा को उत्तरांचल पंजाबी महासभा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। रुद्रपुर के राजकुमार फुटेला को प्रदेश महासचिव, देहरादून के पंकज मैसोन को गढ़वाल अध्यक्ष और रुद्रपुर के हरीश जल्होत्रा को कुमाऊं अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा कोटद्वार के अनिल भोला और गदरपुर के राजेश डाबर को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। देहरादून के पी.एस. कोचर को कोषाध्यक्ष तथा रुड़की के संजय अरोरा और काशीपुर के मुकेश चावला को सचिव नियुक्त किया गया है।
बलदेव पराशर को मिली देहरादून महानगर की जिम्मेदारी
बलदेव पराशर को उत्तरांचल पंजाबी महासभा का देहरादून महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नियुक्ति के बाद समाज के प्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी।
बलदेव पराशर ने नई जिम्मेदारी के लिए संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों और समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि देहरादून महानगर में पंजाबी समाज को अधिक संगठित करने, युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने और पंजाबी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के लिए काम किया जाएगा।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सहयोग और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात भी कही।
निवर्तमान अध्यक्ष राजीव घई सम्मानित
बैठक के दौरान महासभा के निवर्तमान अध्यक्ष राजीव घई को उनके कार्यकाल और योगदान के लिए पगड़ी पहनाकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। उन्होंने समाज और संगठन से मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पंजाबी समाज की सामाजिक और सांस्कृतिक भूमिका का उल्लेख करते हुए संगठन को समाज के हित में सक्रिय रूप से काम करने की बात कही।
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्यमंत्री दिनेश मानसेरा, मंजीत सिंह राजू, काशीपुर के मेयर दीपक बाली, सुरेंद्र सिंह नामधारी, सुभाष सरीन, दीपक अरोरा, प्रमोद जोहार, डी.एस. मान और राजीव सच्चर समेत कई पदाधिकारी और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राहुल बाठला ने किया।







