कैबिनेट मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, जिलेभर में आयोजित हुए विशेष कार्यक्रम
Dehradun | June 21, 2026
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में रविवार को भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता करते हुए निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों और आयुष विभाग के कार्मिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद योग विशेषज्ञों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सविता कोठियाल सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला मीडिया प्रभारी एवं आईटी एक्सपर्ट डॉ. डी.सी. पसबोला ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत केवल परेड ग्राउंड ही नहीं, बल्कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। हनोल (महासू), त्यूणी, चकराता, लाखामंडल और अन्य क्षेत्रों में आयुष विभाग द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल आधारित योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास कर इसके लाभों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और संतुलित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की संपूर्ण जीवनशैली है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
