14 अगस्त को तिरंगा रैली, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन; ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ पर भी दिखेगी विशेष प्रदर्शनी
New Tehri/ Dehradun | August 13, 2026
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नई टिहरी में 14 अगस्त से विशेष एकीकृत संचार एवं आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय संचार ब्यूरो (CBC), देहरादून की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ विषयों पर विशेष फोटो प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम के तहत 14 अगस्त को तिरंगा रैली भी निकाली जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों के तहत गुरुवार को टिहरी गढ़वाल की जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खंडेलवाल ने केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत चल रही गतिविधियों और तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
तिरंगे की गौरवशाली यात्रा से रूबरू होंगे विद्यार्थी
जिलाधिकारी ने बताया कि केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून की ओर से न्यू टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी में देश की स्वतंत्रता, राष्ट्रीय ध्वज की यात्रा और राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में ‘हर घर तिरंगा’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विभाजन की विभीषिका’ जैसे विषयों को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 14 और 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को तिरंगे के गौरवशाली इतिहास, उसकी यात्रा तथा ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक एवं राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराना है।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि 14 अगस्त की सुबह न्यू टिहरी में तिरंगा रैली का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी देखने आने वाले विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति से जुड़े विषयों को रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से समझने का अवसर मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी करेंगे प्रदर्शनी का उद्घाटन
केंद्रीय संचार ब्यूरो के अनुसार राज्य के कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी 14 अगस्त को ‘हर घर तिरंगा’ विषय पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने आमजन से न्यू टिहरी में आयोजित फोटो प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को तिरंगे की गौरवपूर्ण यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक विरासत और विभाजन की विभीषिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को जानने और समझने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के गौरवशाली इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Also Read: उत्तराखंड मौसम अपडेट पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.








