घायल सिख श्रद्धालु की शिकायत पर एफआईआर दर्ज, पुलिस के कथित दुर्व्यवहार की जांच डीआईजी यशवंत सिंह करेंगे
Dehradun/Karnprayag | June 22, 2026
कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान हुए विवाद और हिंसक घटनाक्रम के मामले में उत्तराखंड पुलिस ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। पुलिस मुख्यालय ने दोनों मामलों की जांच हरिद्वार पुलिस को सौंपने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वहीं मामले की निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से पूरे प्रकरण की जांच अब हरिद्वार पुलिस करेगी।
Also Read : कर्णप्रयाग में बवाल, सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच झड़प, कई घायल
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर इस जांच की निगरानी हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा।
इसके साथ ही सिख संगठनों द्वारा पुलिस के कथित दुर्व्यवहार और कार्रवाई को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच भी अलग से कराई जाएगी। यह जांच गढ़वाल परिक्षेत्र के डीआईजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है। डीआईजी को दो सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गढ़वाल रेंज के आईजी ने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा की सुरक्षा, श्रद्धालुओं का सम्मान और कानून व्यवस्था बनाए रखना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष और तथ्यात्मक जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
गौरतलब है कि कर्णप्रयाग में हाल ही में हुए विवाद के बाद मामला काफी चर्चा में रहा था। अब जांच को दूसरे जिले की पुलिस को सौंपे जाने को निष्पक्ष कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.
