ट्रैफिक जागरूकता अभियान के तहत छात्रों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट, सीट बेल्ट और सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों की देगी जानकारी
उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने उठाया जागरूकता का मुद्दा
Dehradun, 13 May: देहरादून में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक अव्यवस्था के बीच अब स्कूली स्तर से ही बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला पुलिस जल्द ही 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए विशेष सड़क सुरक्षा कार्यशाला आयोजित करेगी, जिसमें युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग और ट्रैफिक नियमों की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा।
मंगलवार को उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष आशीष ध्यानी के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोबाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे। उन्होंने कहा कि कम उम्र से ही बच्चों और युवाओं को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देना जरूरी है, ताकि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल ने शहर में गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे लोग न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, बल्कि हादसों का बड़ा कारण भी बनते हैं। यूनियन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही महिलाओं के लिए भी ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया गया, ताकि जानकारी के अभाव में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
जल्द शुरू होगा ट्रैफिक जागरूकता अभियान
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने यूनियन के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि जिला पुलिस इस दिशा में सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यशाला में छात्रों को सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ट्रैफिक संकेतों की पहचान और सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े नियमों की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
बैठक में प्रदेश महासचिव हरीश जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री इंद्रेश कोहली, प्रदेश संयुक्त मंत्री एवं कुमाऊं प्रभारी राजकिशोर तिवारी, गढ़वाल मंडल प्रभारी संजय किमोठी, जिलाध्यक्ष शशि शेखर, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष राजेश बर्थवाल, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष के.एस. बिष्ट और जिला कार्यकारिणी सदस्य संजय नेगी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Crime से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Technology से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Politics से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
Education से जुड़ी अन्य खबरें: यहां पढ़ें
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

