देवप्रयाग-श्रीनगर मार्ग पर हादसे के बाद खाई में फंसे युवकों को SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित निकाला
Srinagar/Garhwal, 10 June 2026: देवप्रयाग-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाइक दुर्घटना के बाद दो युवक गहरी खाई में जा गिरे। सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो युवक दुर्घटना के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरे। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट श्रीनगर की टीम उपनिरीक्षक (SI) ललित मोहन भट्ट के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने जिला पुलिस के साथ संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दुर्गम भूभाग और अंधेरे के बावजूद SDRF जवानों ने खाई में उतरकर दोनों घायलों तक पहुंच बनाई। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के जरिए श्रीनगर अस्पताल भेजा गया।
SDRF अधिकारियों के अनुसार, समय पर पहुंचकर किए गए रेस्क्यू अभियान और जवानों के पेशेवर कौशल के चलते दोनों घायलों की जान बचाई जा सकी। स्थानीय लोगों ने भी SDRF और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

