रामनगर सेक्स रैकेट मामले में पुलिस ने रिसॉर्ट पर छापेमारी कर 62 लोगों को हिरासत में लिया। 10 युवतियों का रेस्क्यू किया गया, जबकि रिसॉर्ट को सील कर मैनेजर की तलाश शुरू कर दी गई।
- पार्टी की आड़ में चल रहा था कथित सेक्स रैकेट, 10 युवतियों का रेस्क्यू; रिसॉर्ट सील, मैनेजर फरार
Ramnagar | July 05, 2026
नैनीताल जिले के रामनगर स्थित एक निजी रिसॉर्ट में चल रहे कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 62 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 10 युवतियां, एक नाबालिग लड़की और एक नाबालिग किशोर भी शामिल हैं। कार्रवाई के बाद रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है, जबकि उसका जनरल मैनेजर फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एक्रोन रिसॉर्ट में छापा मारा गया, जहां एक पार्टी चल रही थी। जांच के दौरान पुलिस को कथित सेक्स रैकेट संचालित होने के संकेत मिले। मौके से आपत्तिजनक सामग्री, नकदी और अवैध शराब भी बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में बिना लाइसेंस बार संचालन की बात भी सामने आई है।
नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की युवतियां मिलीं
पुलिस के अनुसार, रेस्क्यू की गई युवतियां नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। सभी को सुरक्षित स्थान पर भेजकर उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच मानव तस्करी और सेक्स रैकेट के पूरे नेटवर्क को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
2.20 लाख में बुक हुआ था रिसॉर्ट, प्रति युवती 10 हजार रुपये तय
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिसॉर्ट 4 और 5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था। पुलिस के अनुसार आयोजकों ने कथित तौर पर महिलाओं की व्यवस्था पहले से कर रखी थी। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रत्येक युवती के लिए करीब 10 हजार रुपये तय किए गए थे। पुलिस पूरे आर्थिक लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मैनेजर और स्टाफ की भूमिका भी जांच के दायरे में
छापेमारी के दौरान रिसॉर्ट का जनरल मैनेजर और कुछ कर्मचारी मौके से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया रिसॉर्ट प्रबंधन की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

एसएसपी बोले- पूरे नेटवर्क की होगी जांच
एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कहा कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में सेक्स रैकेट, नशे और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

