लैंसडाउन विधानसभा के बणासी तल्ली गांव में सुबह घास काटने गई महिला पर गुलदार ने किया हमला, वन विभाग ने लगाए ट्रैप कैमरे और पिंजरा।
Lansdowne/Pauri Garhwal | June 28, 2026
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से दर्दनाक घटना सामने आई है। लैंसडाउन विधानसभा के नैनीडांडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों ने वन विभाग से आदमखोर गुलदार को जल्द पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सुशीला देवी अपनी साथी शांति देवी के साथ गांव के ऊपरी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि महिला को संभलने का मौका नहीं मिला और गुलदार उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया।
घटना के दौरान शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की। काफी देर की खोजबीन के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर सुशीला देवी का शव बरामद हुआ।
वन विभाग ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन प्रभाग पौड़ी की एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। साथ ही वन विभाग की टीम लगातार गश्त करेगी और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित शूटर भी मौके पर तैनात कर दिया गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाने की मांग
घटना के बाद बणासी तल्ली और आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे जंगल और खेतों में जाना जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने, नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
एसडीओ आयशा बिष्ट ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल अकेले जंगल या सुनसान इलाकों में न जाएं और यदि कहीं गुलदार दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

