राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 13 नए मरीजों को मिला सहयोग, अब तक राज्यपाल के सहयोग से 79 मरीज हो चुके हैं टीबी मुक्त
Dehradun | July 06, 2026
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में 13 टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें मासिक पोषण किट वितरित की। इस दौरान उन्होंने मरीजों से व्यक्तिगत संवाद कर उनका हालचाल जाना और नियमित दवा, पौष्टिक आहार तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
राज्यपाल ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता, जागरूकता, समय पर उपचार और बेहतर पोषण के माध्यम से ही इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
उन्होंने सभी सक्षम नागरिकों से ‘निक्षय मित्र’ बनकर टीबी मरीजों के उपचार और पोषण में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति कम से कम एक टीबी मरीज की जिम्मेदारी उठाए, तो देश को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को तेजी से हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि राज्यपाल द्वारा अब तक गोद लिए गए 79 टीबी मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर टीबी मुक्त हो चुके हैं। अब 13 नए मरीजों को गोद लेने के साथ ही राज्यपाल के संरक्षण में आने वाले टीबी मरीजों की कुल संख्या 92 हो गई है।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. महावीर सिंह, डॉ. ए.के. सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

