ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर हुआ दर्दनाक हादसा, नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होने की आशंका; SDRF ने नदी से निकाला शव
Rishikesh | June 23, 2026
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शिवपुरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा का निधन हो गया। हादसा उस समय हुआ जब वह रात्रि ड्यूटी पूरी कर थाना मुनि की रेती से अपनी चौकी शिवपुरी लौट रहे थे। उनकी स्कॉर्पियो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए गंगा नदी में समा गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो (यूके07-1007) में उपनिरीक्षक विनोद कुमार शर्मा अकेले सवार थे। प्रारंभिक जांच में वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और आपदा राहत दल मौके पर पहुंच गए। बचाव दल ने राफ्ट की सहायता से गंगा नदी में खोज अभियान चलाकर वाहन तक पहुंच बनाई और उपनिरीक्षक का शव बाहर निकालकर सड़क मार्ग तक पहुंचाया।
विनोद कुमार शर्मा मूल रूप से रानीपोखरी क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में थाना मुनि की रेती के अंतर्गत शिवपुरी चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे। वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, सरल स्वभाव और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने इससे पहले ढालवाला और कैलाश गेट चौकी में भी प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दी थीं। पुलिस विभाग में आने से पहले वह भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग, स्थानीय प्रशासन और रानीपोखरी क्षेत्र में शोक की लहर है।
सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें एक समर्पित, मिलनसार और नेकदिल अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। बताया जा रहा है कि उनके परिवार का पुलिस विभाग से भी गहरा जुड़ाव रहा है और उनके एक भाई वर्तमान में पुलिस सेवा में कार्यरत हैं।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

