भर्ती पर निर्णय न होने से बढ़ा रोष, 22 जून से हल्द्वानी में भी शुरू होगा धरना-प्रदर्शन
Dehradun | June 22, 2026
उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। शुक्रवार को एकता विहार स्थित धरनास्थल पर नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर धरना 199वें दिन भी जारी रहा। हाल ही में हुई कैबिनेट बैठक में भर्ती प्रक्रिया को लेकर कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आने से अभ्यर्थियों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
धरनास्थल पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों नर्सिंग अभ्यर्थियों और नर्सिंग कर्मियों ने सरकार के खिलाफ विरोध जताते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार के लिए एक माह का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित अवधि पूरी होने के बावजूद भर्ती को लेकर कोई सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया।
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले चल रहे आंदोलन में शामिल युवाओं ने कहा कि वर्षों की पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद भी वे रोजगार के लिए भटकने को मजबूर हैं। उनका आरोप है कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सिंग स्टाफ की कमी होने के बावजूद भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि नर्सिंग भर्ती को वर्षवार आयोजित करने और अन्य लंबित मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा। इसी क्रम में नर्सिंग एकता मंच ने 22 जून से हल्द्वानी में भी धरना-प्रदर्शन शुरू करने की घोषणा की है।
मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। सरकार को युवाओं के भविष्य और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करनी चाहिए। उनका कहना है कि पर्याप्त नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति से एक ओर बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।
धरने में नवल पुंडीर, प्रवेश रावत, मुकेश रमोला, स्तुति, प्रीति, संदीप, सपना, अमन, पपेंद्र, प्रदीप सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग अभ्यर्थी और कर्मी मौजूद रहे।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.







