51 वर्षीय महिला की जटिल सर्जरी रही सफल, डॉक्टर बोले- समय पर जांच से गंभीर बीमारियों का इलाज संभव।
Dehradun | June 27, 2026
देहरादून स्थित श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कैंसर सर्जरी विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 51 वर्षीय महिला के पेट से करीब 15 किलो का ओवेरियन (अंडाशय) ट्यूमर निकालकर उन्हें नई जिंदगी दी है।
अस्पताल के अनुसार महिला पिछले कई महीनों से पेट के लगातार बढ़ने, भारीपन और असहजता की समस्या से जूझ रही थीं। जांच के दौरान पता चला कि उनके पेट में 15 किलो का विशाल ओवेरियन ट्यूमर विकसित हो चुका है। विस्तृत चिकित्सकीय परीक्षण के बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सफल सर्जरी कर पूरे ट्यूमर को सुरक्षित रूप से निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रही हैं।
कैंसर सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग ने बताया कि इतने बड़े ओवेरियन ट्यूमर की सर्जरी अत्यंत चुनौतीपूर्ण होती है। हालांकि विशेषज्ञ टीम की सावधानी, अनुभव और समन्वित प्रयासों के चलते ऑपरेशन पूरी तरह सफल रहा।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2026 में भी कई मरीज इतने बड़े ट्यूमर के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिसका प्रमुख कारण जागरूकता की कमी और समय पर इलाज नहीं कराना है।
डॉ. गर्ग ने महिलाओं से अपील की कि यदि पेट लगातार बढ़ रहा हो, पेट फूलने की समस्या हो, लगातार दर्द बना रहता हो, जल्दी पेट भर जाता हो या बार-बार पेशाब आने जैसी शिकायत हो, तो इसे सामान्य समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। समय पर जांच और उपचार से गंभीर बीमारियों का समय रहते इलाज संभव है और मरीज की जान बचाई जा सकती है।
हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ें। Click Here.

